Ajmer EVM Security Guard Shoots: अजमेर जिले के माखूपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात आरएसी के एक जवान ने गोली मार ली। गोली लगने से जवान की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) हिमांशु जांगिड़ सहित पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
आरएसी का जवान था नरेंद्र गोदारा
जानकारी के मुताबिक, माखूपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के मद्देनजर स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए आरएसी के जवान नरेंद्र गोदारा को तैनात किया गया था। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे स्ट्रांग रूम के बाहर ड्यूटी के दौरान यह घटना हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के मुताबिक, पॉलिटेक्निक कॉलेज में चुनाव संबंधी स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए 9वीं आरएसी टोंक की ए-कंपनी को 16 अक्टूबर से तैनात किया गया था। इसी कंपनी में कार्यरत 2018 बैच के कांस्टेबल नरेंद्र गोदारा सोमवार शाम ड्यूटी पर तैनात थे।

पत्नी अजमेर पुलिस में है कांस्टेबल
आरएसी जवान नरेंद्र गोदारा की भर्ती साल 2018 में हुई थी। वह अजमेर में किराए के मकान में रहते थे। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे ड्यूटी की शिफ्ट बदलने के दौरान यह घटना हुई। गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। नरेंद्र की पत्नी अजमेर पुलिस में कांस्टेबल हैं।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया, जवान ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) हिमांशु जांगिड़ और आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



















